Followers

Thursday, 26 November 2026

पतिव्रत धर्म

 


पण्डित जी मन्दिर पर आये, हमेशा की तरह कुछ गुनगुनाते हुए. आज कुछ देर हो गयी मगर ऐसी कोई देर भी नहीं, सूरज तो अस्त हो चुका था पर अभी उजाला था.  दो लोग पहले से मन्दिर  के बाहर पेड़ के नीचे, जहाँ कथा, सत्संग, भजन-कीर्तन व अन्य आयोजन होते हैं, बैठे थे.

‘ जय सियाराम पण्डित जी ! पांय लागी !’

‘ख़ुश रहो. सब आनन्द है !’

‘हाँ पण्डित जी ! हमारा तो सब आनन्द है मगर आप आज आनन्द में नहीं लग रहे. कुछ गुनगुना तो रहे हैं पर चेहरे पर उलझन और परेशानी के भाव हैं.’

‘ठीक पहचाना भाई. गुनगुना तो मानस की एक चौपाई ही रहे हैं और उसी से मन कुछ खिन्न हो गया.’

‘ऐं ! ऐसा क्या ! मानस की चौपाईयाँ तो आप हमेशा प्रसन्न होकर गाते हैं, उसकी व्याख्या भी मगन होकर करते हैं तो यह कौन सी चौपाई और कौन सा प्रसङ्ग है जिसने आपका मन खिन्न कर दिया ?’

‘सुनो यह चौपाई है -

                          “पति प्रतिकूल जनम जहँ जाई । बिधवा होइ पाइ तरुनाई ॥“

‘ यह किस अवसर पर किसने कही ? वैसे तो अर्थ स्पष्ट ही हो रहा है फिर भी आप बता दें तो और स्पष्ट हो जाय. वह प्रसङ्ग भी सुनाएँ.’

‘यह मानस के अरण्यकाण्ड की चौपाई है. दोहा नंबर ४ की दसवीं चौपाई है. इसका अर्थ है कि जो स्त्री पति के प्रतिकूल चलती है, वह जहाँ भी जाकर जन्म लेती है, वहाँ भरी जवानी में ही विधवा हो जाती है.’

‘हैं ! यह तो शाप जैसी लग रही है, बददुआ है यह. किस सन्दर्भ में कही गयी.

‘शाप या बददुआ तो नहीं कह सकते, यह कर्मफल बताने जैसी है .’

‘यह कर्मफल किसने किसको बताया. हमारी जानकारी में तो मानस में ऐसी कोई स्त्री नहीं जो पति के प्रतिकूल आचरण करे और उसकी यह गति हो. यहाँ तक कि रावण जैसे अहंकारी की पत्नी, मन्दोदरी भी रावण को सही सीख देती रहती थी. यह बात और है कि अपनी ताकत और ब्रह्मा जी से मिले वरदान के दम पर उसने उसकी बात हमेशा हल्के में ली, हँसी में उड़ा दी. सीता जी को लौटाना तो दूर, राम जी से युद्ध भी ठान लिया. तो यह कौन सी स्त्री थी  जिसको यह कर्मफ़ल बताया गया.’

‘सही कह रहे हो. ऐसी कोई स्त्री नहीं मानस में. यह तो अत्रि मुनि की पत्नी सती अनसूया जी ने सीता जी को पतिव्रत धर्म का उपदेश करते हुए कही. पूरा प्रसङ्ग सुनो तो इसका तारतम्य और औचित्य स्पष्ट होगा ‘

‘सुनाएँ पण्डित जी ! हम बहुत उत्सुक हैं.’

                तब तक और भी कई लोग आ जुटे थे जिनमें तीन – चार महिलाएँ भी थीं. महिलाओं का आना वैसे तो कोई अचरज की बात नहीं किंतु बहुधा वे तभी आती थीं जब उनकी ओर से कोई भजन-कीर्तन का कार्यक्रम हो, तीज हो, नवरात्रि चल रही हो, शिवरात्रि या कोई और पर्व हो, जेठ में भण्डारा हो, मकर संक्रान्ति पर खिचड़ी भोज हो, भागवत चल रही हो या फिर राधा-कृष्ण की फूलों वाली होली हो. आज उनका आना इन सबके अलावा हुआ तो पण्डित जी ख़ुश ही हुए. अभिवादन-आशीर्वाद आदि के बाद पण्डित जी ने उन्हें भी यह प्रसङ्ग सुनने को कहा. वे सुनाने लगे -

                                                              ‘राम के राजतिलक में कैसे  बाधा पड़ी और कैसे वह उनके चौदह वर्ष के वनवास में बदल गया. वे वन को चले तो सीता और लक्ष्मण भी उनके साथ हो लिए. राम वियोग में दशरथ जी का प्राणान्त हो गया. भरत-शत्रुघ्न तो ननिहाल में थे, उन्हें आवश्यक काम के बहाने से तत्काल बुलवाया गया तो उन्होंने यह देखा. पिता की अंत्येष्टि  करने के बाद राज्य उन्होंने अस्वीकार कर दिय और राम को मना कर वापस लाने चित्रकूट गये मगर वे  वापस न आए और भरत जी उनकी खड़ाऊँ लेकर वापस लौटे … !

                                     यह कथा तो आप लोग जानते ही हैं, सुन चुके हैं, तो इसे नहीं कहता. सब वृत्तान्त कहूँगा तो बहुत लम्बा हो जाएगा इसलिए सीधे यह पतिव्रत प्रसङ्ग ही सुनाता हूँ.’

‘हाँ, हाँ पण्डित जी !’ महिलाओं में से एक बोली, ‘ आप तो सीधे वही प्रसङ्ग सुनाएँ. इधर-उधर की, उससे जुड़ी और उसके पहले-बाद की कथाएँ सुनाने लगते हैं तो एक तो देर हो जाती है, दूसरे उस दिन की मुख्य कथा उनमें खो जाती है.’

‘हाँ पण्डित जी !’ दूसरी बोली, ‘हम आपकी और इन मर्दों की तरह सत्तारी तो रहती नहीं. आप तो देर से भी घर जायेंगे तो भी पण्डिताइन खाना बनाए बैठी होंगी. हमें तो घर जाकर रात का खाना भी बनाना है.’

‘सत्य कहा ! यह  भी पतिव्रत धर्म का निर्वाह है. आप लोगों के इस धर्म का पालन करने पर ही हम लोगों को बना-बनाया मिल जाता है. तो सुनें कथा जिसमें अनसूया जी ने सीता जी को पतिव्रत धर्म की सीख दी और इसका पालन न करने वाली की यह गति बतायी.

                                            भरत के मनाने के लिए आने और उनका वापस लौट कर राज्य ग्रहण करने का प्रस्ताव अस्वीकार करके चरण पादुका को राजा के प्रतीक के रूप में स्वीकार करने, भरत आदि के लौटने के बाद राम-लक्ष्मण-सीता आगे के गहन वन में चले. इसी क्रम में वे अत्रि मुनि के आश्रम में आये जहाँ अत्रि मुनि, पत्नी अनसूया के साथ रहते थे. सत्कार वगैरह के उपरान्त अनसूया ने सीता जी को दिव्य वस्त्राभूषण आदि दिए जो नित्य नूतन रहते थे अर्थात मैले या जीर्ण नहीं होते थे –

                     “दिब्य बसन भूषन पहिराए । जे नित नूतन अमल सुहाए ॥“

इसके बाद उन्होंने पतिव्रत धर्म की महिमा बताते हुए चार प्रकार की पतिव्रताओं के बारे में बताया और यह भी बताया कि पतिव्रत का पालन न करने पर, पराए पति से रति करने पर उसकी क्या गति होती है. वह तो सौ कल्प तक रौरव नरक में पड़ी रहती है –

                      “पति बंचक परपति रति लहई । रौरव नरक कल्प सत परई ॥“

                           और जो स्त्री छल छोड़ कर मात्र पतिव्रत धर्म का ही पालन करती है उसे और कुछ करने की ज़रूरत नहीं, वह इतना भर करने से ही परम गति को प्राप्त करती है –

                    “बिनु श्रम नारि परम गति लहई । पतिव्रत धर्म छाड़ि छल गहई ॥“

इसके बाद उन्होंने समापन स्वरूप बताया कि जो स्त्री पति के प्रतिकूल चलती है, वह न केवल इस जन्म में फल भोगती है बल्कि अगले जन्म में भी जहाँ भी जाकर जन्म लेती है, वहाँ भरी जवानी में ही विधवा हो जाती है, अर्थात उसे पतिव्रत धर्म से च्युत होने का दण्ड इस जन्म में ही नहीं, अगले कई जन्मों तक भोगना पड़ता है.

मानस के अनेक प्रसङ्गों  में नीति, सामाजिक व्यवहार, लोकाचार, आदर्श व्यवहार अर्थात क्या करना चाहिए और क्या नहीं, संत-असंत के लक्षण, धर्म आदि बताया गया है. यह कोरे / नीरस उपदेश की तरह नहीं बताया बल्कि मुख्य कथा के साथ किसी पात्र के मुख से कहलवाया गया है ताकि उसका अधिक प्रभाव पड़े. इस प्रसङ्ग में भी पातिव्रत्य की महिमा अत्रि मुनि की पत्नी, अनसूया जी के मुख से कहलायी गई है जिनकी गिनती महासतियों में होती है. चित्रकूट में मंदाकिनी / पयस्विनी नदी को प्रकट करने का श्रेय उन्हीं को है. अयोध्याकाण्ड में प्रसङ्ग है कि कुछ काल के लिए स्थायी प्रवास के लिए उपयुक्त स्थान की खोज में राम जी वाल्मीकि जी के आश्रम आते हैं तो उनसे पूछते हैं कि मैं कहाँ प्रवास करूँ ? इस प्रसङ्ग के मिस भी तुलसी दास जी ने सत्पुरुषों के लक्षण बताए हैं कि आप तो ऐसे लोगों के ह्रदय में निवास करते हैं जिनमें ये-ये लक्षण होते हैं. फिर वे चित्रकूट का सुझाव देते हैं जहाँ प्रवास किया जाना चाहिए. चित्रकूट के बारे में बताते हुए वे यह भी बताते हैं कि वहाँ पवित्र मंदाकिनी नदी है जिसे अत्रिप्रिया अनसूया जी ने अपने तपबल से प्रकट किया था –

            “ नदी पुनीत  पुरान  बखानी । अत्रिप्रिया   निज तप  बल  आनी ॥

            सुरसरि धार नाउँ मंदाकिन । जो  सब पातक  पोतक डाकिनि ॥“

                                                              


    अयोध्याकाण्ड / १३१ / ३

तो जब ऐसी साध्वी अनसूया जी पतिव्रत की महिमा बता रही हैं तो उसका प्रभाव उससे बहुत अधिक पड़ता है. इसके अतिरिक्त वे यह उपदेश दे किसे रही हैं, उन माता सीता को जो पहले से ही पातिव्रत्य की मूर्ति हैं. तो जब ऐसे वक्ता-श्रोता हों तो उपदेश बहुत ही प्रभावी हो जाता है, उस पर कोई शंका नहीं होती. तुलसी ने ऐसी बातें अनेक प्रसङ्ग़ों में मुख्य पात्रों के मुख से कहलवायी हैं.

         इसी क्रम में समापन स्वरूप उन्होंने बताया कि,

                                    “पति प्रतिकूल जनम जहँ जाई । बिधवा होइ पाइ तरुनाई ॥“

अर्थात जो स्त्री पति के प्रतिकूल आचरण करती है वह इस जन्म में ही नहीं, अन्य जन्मों में भी भरी जवानी में विधवा हो जाती है.’

‘ऐं पण्डित जी ! यह क्या बात हुई !’ एक महिला रोष और अचरज भरे स्वर में बोली,  ‘करे कोई, भरे कोई ! विधवा कोई ऐसे ही नहीं हो जाती, पति की मृत्यु होती है तब ही कोई विधवा होती है. अब पातिव्रत्य से डिगी स्त्री, व्याभिचार/ परपति संसर्ग उसने किया, पाप उसने किया और इसके दण्डस्वरूप मरना पड़े निरपराध पति को ! उसका क्या पाप था जो वह व्याभिचारिणी तो जीवित रही किन्तु मरना उसे पड़ा ! यह तो कोई न्याय/ दण्ड नहीं हुआ !’

‘और क्या ! एक और बीच में ही बोल पड़ी, ‘माना कि पतिव्रत बहुत बड़ी चीज़ है, धर्म है. पति को छोड़ और उसके होते  हुए दूसरे से ऐसा सम्बन्ध रखना बहुत ही घृणित है,  घोर पाप है. उसे सजा मिले मगर यह क्या कि मजे मारे वह और मरे उसका पति !’

‘यह तो वही बात हुई कि हमारा माथा भले फूट जाए, पड़ोसी की आँख फूटनी चाहिए ! तुलसी बाबा सठिया गए होंगे नहीं तो एक स्त्री दूसरी स्त्री के पति के लिए ऐसी दुर्भावना नहीं रख सकती. वह भी माता अनसूया जैसी सती स्त्री और सीता माता से ऐसी बात कहे !’

                                     मार चौं-चौं मच गयी. आगे कथा कहना दूभर हो गया. बात ही ऐसी थी. पाप  किसने किया और मारा जाए कोई और निरपराध ! पण्डित जी ने सबको शान्त करते हुए कहा,

‘अरे आप लोग चुप हों तो हम आगे कुछ कहें ! इसका समर्थन तो न करेंगे और न ही सफाई देंगे कि इसका यह मतलब नहीं, वो मतलब है और न ही यह कह कर पर्दा डालेंगे कि यह तो लीला है या कथा में शंका नहीं करते. हाँ !                            

               यह प्रश्न हमारे भी मन में उठा तभी तो इस चौपाई पर हम उद्विग्न हो उठे. स्वर में वह उल्लास व श्रद्धा नहीं उत्पन्न हुई जो अन्य चौपाईयों का गान करने पर होती है.

                      माना कि विधवा की स्थिति / वैधव्य का जीवन बहुत नारकीय होता है, उस काल में तो बहुत ही दारुण होता था, अब भी है. पहली बात तो पति की चाहे जिस कारण भी मृत्यु हुई हो, कहीं न कहीं उसके ससुरालिए उसे ही अमङ्गलकारी मानते हैं, ‘पति को खा गयी’ टाइप के वाक्य कहे जाते हैं. गाँव और अशिक्षित / अल्पशिक्षित समाज मे ही नहीं, शहर में और बहुतेरे शिक्षित परिवारों की भी  ऐसी सोच होती है. घरवालों के अलावा शोक प्रकट करने आने वाले भी ऐसा कहते हैं, कुछ असभ्य मुहफट तो उसके मुह पर ही कह देते हैं और घरवाले ऐसी ही सोच रखने के कारण सुनते रहते हैं, उन्हें टोकते नहीं. एक प्रकार से वे उनका समर्थन ही कर रहे होते हैं.

                     विधवा को  घर में किसी विवाह व अन्य माङ्गलिक आयोजनों से दूर रखा जाता है. यद्यपि अब इस स्थिति में बहुत सुधार हो रहा है, वे इन सब में भाग भी लेती हैं व उनके पहनने-ओढ़ने, खान-पान पर पहले जैसा प्रतिबन्ध नही रहता फिर भी वे मेक अप, बहुत चटकीले कपड़े, नाच गाने, खुल कर हँसने, ख़ुश होने आदि से ख़ुद ही दूर रहती हैं, संकुचित रहती हैं  भले ही उनके बेटे-बेटी, देवर – ननद या मायके में विवाह हो.

                 यह तो विधवा का पारिवारिक / सामाजिक बहिष्कार जैसा हुआ, जो स्त्री आपके घर की बहू है, घर को जोड़ कर रखती है, पति के मरते ही उसके साथ ऐसा बर्ताव ! हरे राम ! हरे राम ! उस पर  आर्थिक, शारीरिक – यौनिक संकट के अलावा जान पर संकट की भी आशंका रहती है. लोलुप लोग विधवा को असुरक्षित सा, झांसे में आ जाने वाला, आसान शिकार मानते हैं. बाहर तो उसके दैहिक शोषण का खतरा रहता ही है, बहुत बार घर के अन्दर व रिश्तेदारों से भी रहता है. बहुत से ऐसे मामले होते हैं जो लोकलाज के कारण प्रकट नहीं हो पाते. मामला खुल जाने पर दोषी भी विधवा ही ठहराई जाती है. जो वैधव्य झेल रही हैं व आजीविका आदि के लिए घर से बाहर निकलती हैं, उन्हें इसका खूब कटु अनुभव होता है.

                         इसके अलावा संपत्ति व उत्तराधिकार के कारणों से जान का खतरा भी रहता है, कुछ की हत्या हो भी जाती है. जो आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर नहीं है, बच्चे छोटे हैं, मायका सक्षम नहीं या सक्षम है तो सामाजिक बुराईयों में जकड़े रहने के कारण उसका साथ नहीं देता तो उसका व उसके बच्चों का भरण-पोषण कौन करे ? घर सम्पन्न है तो सम्पत्ति में उसका उत्तराधिकार खलता है, वञ्चित ही कर दिया जाता है. स्त्रीधन जैसी अवधारणा बस किताबों में होती है, मिलता उसे नहीं है. इन सबसे छुटकारा पाने का उपाय यह निकाला कि विधवा को मार दो. न रहेगा बंस, न बजेगी बांसुरी. इस हत्या को सती नाम देकर महिमामण्डित किया, भले ही आज यह जघन्य प्रथा नहीं है पर सती का महिमामण्डन आज तक भी है. सती धाम हैं, सती पीठ, सती चौरा, सती थान हैं. उन पर मेले लगते हैं, लोग श्रद्धा से सर झुकाते हैं.

                       सती होने ( पति की चिता पर उसके साथ जीवित ही जल जाने / बलपूर्वक जला दिए जाने के पीछे यही कारण रहा जिसे पतिव्रत / पति से अगाध प्रेम / सती का सत / चिता में बैठते ही स्वतः अग्नि उत्पन्न होने … की कहानी बनायी. उसे स्वर्गारोहण बताया. उसके मन्दिर बनाए, सती चौरा बनाए, उसे पूजा गया … जाने क्या-क्या ! कहीं –कहीं तो उसे सशरीर स्वर्ग जाते हुए देखने के दावे भी किए गए जिस पर दबी ज़ुबान से प्रश्न उठाने के अलावा मुखर होकर कोई कुछ न कह सका.

                  ( इस  कथा  के श्रोतागण  के अलावा फेसबुक और  ब्लॉग के पाठक  इस  कथा प्रसङ्ग को पूजा बरनवाल  की  फेसबुक  पोस्ट  और  मेरी  पिछली पोस्ट का विस्तार भी समझें जो संजीव के उपन्यास ‘मुझे पहचानों’ में हैं. वह पोस्ट एक प्रकार से इस कथा प्रसङ्ग का आधार बनी )

              विधवा के सामने आज भी तमाम आर्थिक, सामाजिक, दैहिक खतरे / संकट हैं इसलिए विधवा होना एक अभिशाप हो जाता है जबकि विधवा होने में न उसका कोई दोष है न वह वैधव्य का कारण होती है. इन्ही सबको देखते हुए ग्रन्थकार ने उसके विधवा होने, कोढ़ में खाज की तरह तरुणाई में विधवा होने को बहुत बड़ा दण्ड कहा,

                         किन्तु बावजूद इन सब नारकीय स्थितियों के, उसके पति को क्यों मरना पड़े ! ग्रन्थकार ने  उसकी गति बताने के चक्कर में निरपराध ( और पीड़ित भी, यदि वह उसकी बदफेली को जानता हो किन्तु लोकलाज, जान के खतरे या अन्य कारणों से चुप हो, घुट-घुट कर जी रहा हो ) पति को क्यों मरना पड़े ? विधवा होने में पति ही तो मरता है ! इस बात का ध्यान पतिव्रत धर्म का पालन न करने वाली स्त्री को दण्ड दिलाने के चक्कर में ग्रन्थकार ने नहीं रखा !

                         हमें इस चौपाई पर घोर आपत्ति है, भले ही ग्रन्थकार ने अनसूया जैसी पतिव्रता और सती स्त्री से माता सीता के लिए कहलाई है. ‘

‘चलो आपको आपत्ति तो हुई !’ एक ने कहा, ‘वरना तो बहुतेरे कथावाचक डाँट देते हैं कि धर्म पर सवाल खड़ा कर रहा है ! नास्तिक, धर्मद्रोही कहीं का ! या फिर लीपापोती करते हैं. या फिर जो फेमिनिज्म की लहर चली है, उसमें बह कर तो नहीं विधवा की सामाजिक स्थिति का बखान किया !’

‘धर्म इतना कमज़ोर नहीं कि प्रश्न उठाने से उस पर कोई आँच आए. प्रश्न उठाने की, शास्त्रार्थ की हमारी पुरानी परम्परा है और सत्य को स्वीकार करने की भी. कठोपनिषद का यम-नचिकेता संवाद भूल गए क्या ! बालक नचिकेता ने यज्ञ मण्डप में और फिर यमराज से सवाल किए. किसी ने उसे धर्म पर सवाल नहीं माना. सवाल करने से धर्म खतरे में नहीं पड़ता बल्कि और मजबूत होता है अगर स्वस्थ भाव से उन सवालों का सामना किया जाय.

                                ’और स्त्री की बात करना, उसके पक्ष में बात करना, उसके शोषण आदि सवाल उठाना फेमिनिज्म नहीं बल्कि सत्य का संधान और उसके पक्ष में खड़ा होना है. हर विपरीत या अलग से लगने वाले विचार को किसी वाद का तमगा लगा कर उसे कमज़ोर नहीं किया जा सकता.’

‘सही कह रहे हैं पण्डित जी ! यम-नचिकेता ही नहीं, हमारे यहाँ सत्यकाम जाबाल प्रसङ्ग भी तो है. इस साहसिक और असहज कर देने वाले प्रश्न का जाबाला पुत्र सत्यकाम ने सही उत्तर दिया.उसमें सत्य को स्वीकार करने का साहस था जिस कारण ऋषियों ने उसे स्वीकार किया.’ एक अध्ययनशील उदार श्रोता ने कहा.

‘द्रोपदी का भी तो उदाहरण है.’ पण्डित जी बोले, ‘ उसने द्यूतक्रीड़ा की भरी सभा में पाण्डवों को लताड़ा और भीष्म, द्रोण आदि से ज्वलन्त प्रश्न किए. वे सब निरुत्तर हो गए. भीष्म तो बस इतना कह पाए, ‘धर्म की गति अति सूक्ष्म है.’ उन्होंने मोटा-मोटा/ स्थूल धर्म ही देखा, धर्म की सूक्ष्म गति में वे भी कहाँ जा पाए, या फिर दुर्योधन आदि के प्रति, राज्य की रक्षा करने की शपथ से बंधे थे तो कैसे कौरवों के विरुद्ध बोलते !’

‘चार्वाक दर्शन को भी तो षटदर्शनों में स्थान मिला है. धर्म प्रश्न उठाने से खण्डित या विचलित नहीं होता.’



‘बस करो पण्डित जी.’ एक महिला ने टोका, ‘ आपकी यही बुरी आदत है कि मौक़ा पाते ही विद्वता झाड़ने लगते हैं. अब इसी कथा में मार धर्म और दर्शन की बात छौंकने लगे. ये लोग तो सत्तारी हैं, घर जायेंगे तो खाना बना मिलेगा. इन्हें तो कुछ करना नही तो चाहे धर्म छौंकें, चाहे दर्शन. हमें तो घर जाकर दाल बनानी है और छौंकनी भी है, तो हम चलें.’

‘अरे चली जाना !’ कथा और चर्चा में रस  ले रही एक महिला ने कहा, ‘ देर हो जाएगी तो जोमैटो, स्वीगी वगैरह किस लिए हैं. ऑनलाइन ऑर्डर कर देना कोई मर्दुआ किसी और मर्द का बनाया खाना दे जाएगा ! बाहर मर्द ही खाना बनाते हैं बस घर पर ही इन लोगों को काम करते मरी आती है.’

‘अब बस भी करो दीदी,  नारेबाजी न शुरू कर देना, “एक कचौरी दो समोसा, इन  मर्दों का क्या भरोसा !”

                     सामूहिक हँसी गूँजी, औरतें तो थीं ही, पण्डित जी सहित कुछ मर्द भी दबी हँसी से इसमें शामिल हुए.

‘अच्छा पण्डित जी ! एक सवाल और है’ एक मुखर महिला बोली, ‘बस शार्ट में उसका जवाब दे देना’

‘कहो  भई, आप पूछ ही लो.’

‘तो पण्डित जी, परपति से रति करने वाली स्त्री की दुर्गति तो खूब बताई कि वह सौ कल्पों तक रौरव नरक में पड़ती है . आप बताए थे ना -

              “पति बंचक परपति रति करई । रौरव नरक कल्प सत परई ॥“

तो पण्डित जी ! यह  क्या बात हुई. स्त्री ही क्यों सौ कल्पों तक रौरव नरक में पड़े. जो दूसरे के पति से रति करती है तो वह परपति भी तो अपनी पत्नी को धोखा देकर दूसरे की विवाहिता से रति कर रहा है. बिना पुरुष के व्याभिचारी हुए तो कोई स्त्री व्याभिचारिणी हो नहीं सकती. केवल स्त्री के लिए ही पतिव्रत का विधान है ? पुरुष के लिए पत्नीव्रत या एकपत्निव्रत का विधान नहीं ? समान पाप तो दोनों ने किया तो उसके लिए इस लोक और परलोक में क्या विधान है ? विधवा होने पर स्त्री को सती कर देते थे तो विधुर होने पर किसी पुरुष को सता किया क्या ? वह तो साल भीतर या बहुत हुआ तो साल बीतने पर दूसरी शादी कर लेता है ! धर्मपालन का सारा भार स्त्री पर ही क्यों ?’

               अब सभा में सन्नाटा छा गया. कुछ हँसी के और कुछ ‘और क्या ! अब जवाब दो पण्डित जी !’ के स्वर भी गूँजे.

“अरे ये क्या जवाब देंगे !’ एक अन्य प्रगतिशील स्त्री बोली, ‘हैं तो ये भी पुरुष ही ! सारे विधान, नियम, धर्म की व्यवस्थाएँ आदि इन पुरुषों ने ही तो बनाए हैं. वे काहे पुरुष को दोषी बताएँगे, उसके लिए दण्ड का विधान करेंगे.’

             पण्डित जी निरुत्तर से हो गए. फिर भी अपने विशद अध्ययन की लाज रखते हुए बोले,

‘हैं तो विधान पुरुष के लिए भी और आज का कानून ऐसे मामलों में सजा भी देता है. अब ऐसे पुरुषों के लिए पुराणों में वर्णित दण्डविधान और आज के दृष्टान्त बताने लगूँगा तो यहीं आधी रात हो जाएगी. इसलिए फिर कभी.’

              ऐसा कह कर पण्डित जी ने पीछा छुड़ाया और झोला झण्टरा संभालते हुए आरती और प्रसाद की व्यवस्था में लगे. बाक़ी पुरुषों ने भी चैन की सांस ली.

                               ( तो  मित्रों ! इन ज्वलन्त प्रश्नों पर चर्चा फिर कभी. आप कुछ कहना चाहें तो स्वागत है. )  

                                ****************